मध्यप्रदेश में 5वीं और 8वीं की पुनः परीक्षा का रिजल्ट जारी, 5वीं में 79.63% और 8वीं में 74.98% छात्र हुए सफल — सरकारी शिक्षकों की मेहनत रंग लाई
भोपाल। मध्यप्रदेश स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित कक्षा 5वीं और 8वीं की बोर्ड पैटर्न आधारित पुनः परीक्षाओं के परिणाम शुक्रवार को दोपहर 3 बजे जारी कर दिए गए। ये परिणाम राज्य शिक्षा केंद्र के आधिकारिक पोर्टल www.rskmp.in पर उपलब्ध हैं।
घोषित आंकड़ों के अनुसार, कक्षा 5वीं में 79.63% और 8वीं में 74.98% विद्यार्थी सफल हुए हैं। यह सफलता राज्य के शिक्षक वर्ग की ईमानदार मेहनत और समर्पण का परिचायक है, जिन्होंने सीमित संसाधनों में भी छात्रों को बेहतर मार्गदर्शन और शिक्षा प्रदान की।
परिणाम ऐसे देखें:
राज्य शिक्षा केंद्र के संचालक हरजिंदर सिंह ने जानकारी दी कि छात्र, अभिभावक और शिक्षक अपने रोल नंबर के माध्यम से RSKMP पोर्टल पर परीक्षा परिणाम देख सकते हैं। इसके अतिरिक्त, विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षक भी अपनी शाला का विद्यार्थीवार परिणाम इसी पोर्टल पर देख सकते हैं।
परीक्षा से जुड़े अहम आंकड़े:
- परीक्षाएं 2 जून से 9 जून 2025 तक आयोजित की गई थीं।
- कक्षा 5वीं: 86,764 छात्र परीक्षा में शामिल हुए।
- कक्षा 8वीं: 1,24,695 छात्र शामिल हुए।
- मूल्यांकन कार्य के लिए 322 केंद्र बनाए गए थे।
- 22,000 से अधिक मूल्यांकनकर्ताओं ने उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया और ऑनलाइन अंक प्रविष्ट किए।

सरकारी शिक्षक बने सफलता की रीढ़
इस परीक्षा परिणाम ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया है कि मध्यप्रदेश के सरकारी शिक्षक किसी भी चुनौती को स्वीकार करने और छात्रों को श्रेष्ठ शिक्षा देने में सक्षम हैं। उनके निरंतर प्रयासों और मार्गदर्शन से ही विद्यार्थियों ने इस परीक्षा में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है।
राज्य सरकार द्वारा पुनः परीक्षा आयोजित करने का निर्णय और उसका पारदर्शी संचालन शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार की दिशा में एक सराहनीय कदम है।


