इंदौर | न्यूज़ऑफिस24
इंदौर एयरपोर्ट पर सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। भुवनेश्वर जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 6332 (एयरबस A320 नियो) को टेकऑफ से ठीक पहले तकनीकी खराबी के चलते रनवे से वापस लौटाना पड़ा। विमान में सवार 80 से अधिक यात्रियों ने राहत की सांस ली, जब पायलट की सतर्कता ने उन्हें एक संभावित संकट से सुरक्षित निकाल लिया।
पायलट को उड़ान से पहले हुई तकनीकी गड़बड़ी की आशंका
जब फ्लाइट उड़ान भरने के लिए रनवे पर पहुंची, तभी पायलट को कुछ असामान्य संकेत मिले। बिना जोखिम लिए उन्होंने तुरंत निर्णय लेते हुए विमान को रनवे से टैक्सी कर वापस टर्मिनल पर ले गए। विमान को वहीं रोक दिया गया और तकनीकी टीम द्वारा जाँच की गई।
ढाई घंटे तक फ्लाइट में ही बैठे रहे यात्री
तकनीकी सुधार में करीब ढाई घंटे का समय लगा, इस दौरान सभी यात्री विमान के भीतर ही मौजूद रहे। हालांकि, फ्लाइट में एयर-कंडीशनिंग और बुनियादी सुविधाएं चालू थीं, फिर भी समय लंबा होने के कारण यात्रियों में बेचैनी बढ़ गई थी। बाद में सुधार के बाद फ्लाइट ने भुवनेश्वर के लिए उड़ान भरी।
समय से पहले पहुंची थी फ्लाइट, फिर बदली किस्मत
भुवनेश्वर से सुबह 6.15 बजे उड़ान भरने वाली यह फ्लाइट आमतौर पर 8.15 बजे इंदौर पहुंचती है, लेकिन आज यह निर्धारित समय से पहले, सुबह 7.39 बजे ही लैंड कर गई थी। इसके बाद फ्लाइट को सुबह 9 बजे भुवनेश्वर के लिए रवाना होना था, लेकिन तकनीकी दिक्कत ने इसकी समय-रेखा बदल दी।
यह फ्लाइट आगे चलकर भुवनेश्वर से अहमदाबाद के लिए भी रवाना होती है, लेकिन देरी के कारण अन्य यात्राओं पर भी असर पड़ने की संभावना बनी।
एअर इंडिया की दो फ्लाइट्स भी रद्द, यात्रियों को हुई परेशानी
इसी बीच रविवार रात इंदौर से दिल्ली जाने वाली एअर इंडिया की AI804 और दिल्ली से इंदौर आने वाली AI803 फ्लाइट को भी रद्द कर दिया गया। दोनों फ्लाइट्स की रद्दीकरण की कोई पूर्व सूचना नहीं दी गई, जिससे यात्रियों को एयरपोर्ट पर भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।

जबलपुर फ्लाइट का ड्रामा: बस में बैठाकर अंत में रद्द की उड़ान
शनिवार को इंदौर से जबलपुर जाने वाली इंडिगो फ्लाइट में भी बड़ा फजीता हुआ। सुबह 6 बजे से यात्री एयरपोर्ट पर थे। उड़ान में थोड़ी देरी की सूचना देने के बाद उन्हें बस से विमान तक ले जाया गया, लेकिन डेढ़ घंटे तक वहीं बस में बैठे रखा गया। आखिरकार, उड़ान रद्द कर दी गई और यात्रियों को टर्मिनल पर लौटा दिया गया।
यात्रियों का फूटा गुस्सा, एयरलाइन ने मांगी माफी
अव्यवस्था से नाराज़ यात्रियों ने एयरपोर्ट पर विरोध दर्ज कराया। हंगामे के बाद एयरलाइन ने किराया रिफंड और री-बुकिंग का आश्वासन दिया। यात्रियों को भरोसा दिया गया है कि अगली उड़ान जल्द सुनिश्चित की जाएगी।


